अब धीरे-धीरे गर्मियों की छुट्टी खत्म होने लगी हैं। बाहर गए लोग भी लौटने लगे हैं। जिसके कारण ट्रेनों में लगातार भीड़ बढ़ रही है। वापस लौटने के लिए लोग अब ट्रेवल्स एजेंसी संचालक से संपर्क कर निजी वाहन बुक कर रहे हैं।
पटना निवासी हरिओम दास अपने बच्चों के साथ एडीए काॅलोनी में आए थे। बच्चों की छुट्टियां खत्म हो रही हैं और उन्हें वापस जाना है लेकिन उन्हें बिहार की ओर जाने वाली किसी भी ट्रेन में जगह नहीं मिल पा रही है। चूंकि सफर लंबा है ऐसे में उन्होंने ट्रेवल्स एजेंसी संचालक से संपर्क कर एक कार बुक कराई है। जिसकी मदद से वे रविवार को घर की वापसी कर रहे हैं।
विज्ञापन
इसी तरह प्रयागराज से मामू भांजा में अपने रिश्तेदार के घर घूमने आए कुलदीप को वापसी में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेन में रिजर्वेशन न मिलने पर बस स्टैंड पहुंचे तो प्रयागराज जाने वाली बसों में जगह तक नहीं थी। कुलदीप के साथ मौजूद बच्चे भी परेशान हो गए। इस पर उन्होंने एक टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी की सहायता लेकर एक टैक्सी बुक की।
किराया तय किया तो एजेंसी संचालक ने मनमाना किराया तय कर वसूलने के बाद ही टैक्सी को प्रयागराज भिजवाया। यह केवल हरिओम दास व कुलदीप की समस्या नहीं हैं। गर्मी की छुट्टियों में घर से घूमने निकले लोगों को इससे रूबरू होना पड़ रहा है।