उमस भरी गर्मी के बीच मंगलवार को शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई। सुबह से देर रात तक अलग-अलग बिजलीघरों और फीडरों से जुड़े इलाकों में ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज, एक फेज गायब रहने की शिकायतें आती रहीं।
सुबह जलालपुर क्षेत्र के नीवरी फीडर में फाॅल्ट आने से कई घंटे तक बिजली बंद रही, जिससे उपभोक्ता परेशान रहे। खिरनी गेट के सीताराम मंदिर क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या रही, जबकि रावण टीला, बिहारी नगर, नगला मसानी, लक्ष्मणपुरम और महेंद्र नगर में बिजली आपूर्ति घंटों प्रभावित रही।
कई स्थानों पर केवल एक या दो फेज की आपूर्ति होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। दोपहर बाद 33 केवी आपूर्ति बाधित होने से बारहद्वारी, लाल डिग्गी, घुड़ियाबाग, जमालपुर और आसपास के कई फीडरों की बिजली ठप हो गई।
शाम होते-होते एडीए कॉलोनी, रामघाट रोड, बेगमबाग, धनीपुर, रेलवे रोड, घनश्यामपुरी, प्रभात नगर और एटा चुंगी समेत कई इलाकों से फाॅल्ट के चलते बिजली न आने की शिकायतें लगातार आती रहीं, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।
अधीक्षण अभियंता शहरी अंशुमान यादव ने बताया कि ओवरलोडिंग व फाॅल्ट के चलते लगातार ट्रिपिंग और बार-बार बिजली गुल होने की शिकायतें मिलीं। इनका समाधान कराकर संबंधित इलाकों में आपूर्ति को बहाल करा दिया गया।