जिस वक्त यह हादसा हुआ, आसपास काफी चहल-पहल थी। दीवार गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। धर्मशाला के बाहरी हिस्से में दुकानें भी बनी हुई हैं, जिससे यहां अक्सर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। मलबे के नीचे वहां खड़ी एक स्कूटी दब गई।
अलीगढ़ महानगर के व्यस्ततम मदारगेट क्षेत्र में 5 मई को उस समय खलबली मच गई, जब एक पुरानी धर्मशाला का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसा धर्मशाला के बराबर में चल रहे निर्माण कार्य के लिए की जा रही खोदाई के दौरान हुआ। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मलबे की चपेट में आने से वहां खड़ी एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन
मदारगेट इलाके में स्थित पुरानी और जर्जर धर्मशाला के ठीक बगल में नए निर्माण के लिए बेसमेंट और नींव की खुदाई का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खोदाई के कारण भवन की कमजोर नींव और दीवारों पर दबाव बढ़ गया, जिससे अचानक धर्मशाला की दीवार और ऊपरी छज्जा ढह गया। हादसे के समय इलाके में काफी भीड़भाड़ थी। दीवार गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे।
विज्ञापन
धर्मशाला के बाहरी हिस्से में दुकानें होने के कारण यहां दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। गनीमत रही कि समय रहते लोग दूर हट गए और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में डर का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर भवनों के आसपास निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
उधर, सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा निर्देश दिए। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि जर्जर भवन के बारे में सूचना मिली थी जिस पर नगर निगम की टीम को मौके पर भेजा गया था। इससे पहले ही यह हादसा हो गया।