गभाना में पार्क बनकर तैयार। संवाद
- फोटो : samvad
कस्बे में आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत एक नया पार्क और ओपन जिम बनकर तैयार हो गया है। इस सुविधा से स्थानीय युवाओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
ओपन जिम विशेष रूप से उन युवाओं के लिए बेहद फायदेमंद होगा, जो युवा सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे हैं। क्षेत्र के बहुत से युवा सेना के लिए तैयारी कर रहे हैं। अब उन्हें अपनी सेहत बनाने और शारीरिक क्षमता विकसित करने में काफी मदद मिलेगी। नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर अभिमन्युराज सिंह ने बताया कि पार्क और ओपन जिम के निर्माण पर करीब 39 लाख, 69 हजार रुपये खर्च हुए हैं। यह आधुनिक पार्क नगर पंचायत के साथ-साथ आसपास के युवाओं को भी सीधा लाभ पहुंचाएगा। इसे जल्द ही आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यह पार्क पूरी तरह से आधुनिक रूप से बनाया गया है। इसमें पर्याप्त लाइट और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिम में सभी आधुनिक उपकरण भी लगाए गए हैं। ये सुविधाएं युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, मनोरंजन और शारीरिक विकास का अवसर प्रदान करेंगी।