तहसील खैर क्षेत्र के गांव काशीशों के उच्च प्राथमिक विद्यालय को शासनादेश के अनुसार प्राथमिक विद्यालय काशीशों में विलय कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को जब प्रधानाध्यापक बच्चों सहित स्कूल के सामान को उच्च प्राथमिक विद्यालय से प्राथमिक विद्यालय ले जाने लगे तो ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्राम प्रधान नरेंद्र का कहना है कि वह अभिभावकों के साथ हैं, इस विलय का विरोध करते हैं, क्योंकि प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के खेलने के लिए मैदान नहीं है। दोनों स्कूलों के बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाने लायक कक्ष भी नहीं हैं। ऐसे में बच्चे कैसे पढ़ पाएंगे। प्रधानाध्यापक भुवनेश कुमार का कहना है कि शासन के आदेश पर स्कूल का विलय किया जा रहा है। जिस विद्यालय का विलय होना है उसमें 40 छात्रों का नामांकन है वही प्राथमिक विद्यालय में 62 बच्चों का नामांकन है।
बीईओ सुबोध कुमार पाठक का कहना है कि जिन स्कूलों में छात्र कम हैं, उन्हें दूसरे स्कूल में भेजा जा रहा है। किसी भी दशा में बच्चों की शिक्षा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। प्राथमिक विद्यालय काशीशों में पिछले सत्र में नया भवन बना है। दोनों स्कूलों में लगभग 102 बच्चे नामांकित हैं।
-