लाइब्रेरी में लगी आग के बाद जला सामान।
- फोटो : samvad
थाना बन्ना देवी क्षेत्र के अंतर्गत सारसौल चौराहा स्थित नीवरी हाउस में शुक्रवार सुबह एक निजी लाइब्रेरी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते इमारत की दूसरी मंजिल से धुएं का गुबार उठने लगा, जिसे देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
पुलिस के मुताबिक नीवरी हाउस में सुरक्षा विहार निवासी जितेंद्र की लाइब्रेरी है। संचालक का दावा है कि लखनऊ हादसे के बाद इसे बंद कर दिया गया है। आग लगने की यह घटना सुबह 8.30 बजे की है।
एलमपुर गढि़या निवासी सोमेंद्र प्रताप ने बताया कि बंद पड़ी लाइब्रेरी में कुछ छात्र अपनी किताबें आदि लेने आ जाते हैं। वह भी छात्र है और शुक्रवार की सुबह अपनी कुछ किताबें लेने आया था। जैसे ही शटर उठाया तो पंखे के पास से धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय लाइब्रेरी बंद थी।
थाना बन्ना देवी के इंस्पेक्टर राजीव कुमार के मुताबिक दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस अग्निकांड में कुछ पंखे और लाइब्रेरी का अन्य सामान जल गया है, हालांकि किसी बड़े वित्तीय नुकसान की सूचना नहीं है।
घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक और सार्वजनिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए हालिया अग्निकांड के बाद से ही जिला प्रशासन और एडीए सुरक्षा मानकों को लेकर शहर भर में लगातार जांच अभियान चला रहा है। ऐसे में इस तरह की घटना सामने आना कहीं न कहीं सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही को उजागर करता है।
पुलिस का दावा चल रही है लाइब्रेरी, संचालक बोला बंद है
लाइब्रेरी के संचालन को लेकर अलग-अलग दावे किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि एक दिन पहले तक लाइब्रेरी खुली थी। जबकि संचालक का दावा है कि लखनऊ हादसे के बाद इसे बंद कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।