कोरोना महामारी के चलते बेकाबू हो रहे हालातों को देखते हुए जिला प्रशासन ने मोहर्रम और ताजियों को लेकर भी गाइड लाइन जारी कर दी है। गणेश चतुर्थी और मुहर्रम के मौके पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था रहेगी। इन मौकों पर कहीं कोई पंडाल, जुलूस अथवा शोभायात्रा निकालने की कोई अनुमति नहीं मिलेगी।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि शासन की ओर से तय गाइड लाइन का जिले में पालन कराया जा रहा है। किसी भी प्रकार का उसमें फेरबदल नहीं किया गया है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर कहीं भी पूजा पंडाल में कोई भी मूर्ति स्थापित न की जाए और न ही कहीं शोभायात्रा की अनुमति मिलेगी। इसी तरह मुहर्रम के अवसर पर किसी प्रकार के जुलूस व ताजिया की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन व पुलिस के अधिकारी पीस कमेटी की बैठकें करें और व्यवस्था बनाए रखने के लिए धर्म गुरुओं का भी पूरा सहयोग लें। सोशल मीडिया की कड़ी मानीटरिंग भी की जा रही है। माहौल बिगाड़ने की साजिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।