29 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए 8096 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने चेतावनी दी है कि अगर किसी ने भी चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान पैदा किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि 29 अप्रैल को पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 12 क्षेत्राधिकारी, 25 थाना प्रभारी, 66 इंस्पेक्टर, 512 सब इंस्पेक्टर, 2865 हेड कांस्टेबिल और कांस्टेबिल, 195 महिला कांस्टेबिल को तैनात किया गया है। साथ ही 293 कांस्टेबिल को रिजर्व रखा गया है। 4103 होमगार्ड और 25 पीआरडी जवान को भी ड्यूटी में तैनात किया गया है।
एसएसपी ने कहा है कि पंचायत चुनाव में अगर कोई ऐसा कार्य करता है जिससे शांति व्यवस्था और कानून व्यवस्था प्रभावित होती है तो वह संगत धाराओं में पाबंद किया जाएगा। उन्होंने कहा अगर कोई किसी प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने के लिए दबाव बनाता है या नागरिकों के स्वतंत्र मताधिकार में बाधा उत्पन्न करता है, तो ऐसे व्यक्ति के खिलाफ की कठोर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो