कांग्रेस पार्टी जिला पंचायत के सभी 47 वार्ड में अपने प्रत्याशी लड़ाएगी। 40 से अधिक दावेदारों के नाम पार्टी के पास आ चुके हैं। आगामी एक या दो दिन में अन्य नाम भी पार्टी के पास आ जाएंगे। यह बात ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, उतर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दीपक कुमार, प्रदेश महासचिव बदरुद्दीन कुरैशी ने कही।
वह मंगलवार को पार्टी के रेलवे रोड स्थित जिला कार्यालय में पंचायत चुनाव के संबंध में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा के प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि पार्टी का जो भी प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा, हम मिलकर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ाएंगे।
बैठक में सह सचिव मुकेश धनगर, जिला अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह, शहर अध्यक्ष परवेज अहमद सहित सभी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। तौकीर आलम ने कहा कि जो नाम आए हैं, उनको अभी शॉर्ट लिस्ट नहीं किया है। प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि जितने भी प्रत्याशी हैं, उनको पूरी दमदारी के साथ पार्टी चुनाव लड़ाएगी।
दीपक कुमार ने कहा कि यह समय आपसी मतभेदों को बुलाकर संगठन को मजबूत करने का है। इसलिए सभी की प्राथमिकता में पार्टी के हित होना चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष गिरवर शर्मा ने कहा कि तन, मन, धन से पार्टी के प्रति वफादार हूं और रहूंगा। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि टिकटों का वितरण सिर्फ जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में होना चाहिए। सभा का संचालन जिला उपाध्यक्ष अनवर अकील ने किया। बैठक में नौशाद कुरेशी, अमीरुद्दीन गद्दी, वसीम अहमद, कैलाश वाल्मीकि, जियाउर रहमान, तस्लीम मलिक, अनिल यादव, दिनेश शर्मा, गौरांग देव चौहान, रमेश शर्मा, वीरी सिंह बंजारा, असद फारूक, अनीता करोतिया आदि मौजूद थे।
पंचायत चुनाव के लिए प्रत्याशियों का आगे न आना चिंताजनक : सलीम
अलीगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जोन 2 के पूर्व प्रवक्ता इरशाद सलीम ने कहा है कि मंगलवार को जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक में वास्तव में पंचायत चुनाव के लिए प्रत्याशियों का आगे न आना चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि वह बैठक में शामिल हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अपील करते हैं कि वह इस ओर ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि 47 जिला पंचायत सदस्य, 1100 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 867 ग्राम पंचायत में प्रत्याशियों को तलाशना पार्टी के लिए बहुत मुश्किल हो रहा है। पार्टी के कुछ पदाधिकारी महीनों से शहर में डेरा जमाए हैं। लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल रहा है। इसके अलावा पार्टी से नेताओं का पलायन एक समस्या बनता जा रहा है। इस आरोप पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह ने कहा के जो भी यह बयान दे रहे हैं वह फर्जी पदाधिकारी हैं। संगठन का उनसे से कोई लेना देना नहीं है।