सपा जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अर्चना यादव।
- फोटो : CITY OFFICE
समाजवादी पार्टी ने रविवार को वरिष्ठ नेता संजय यादव की पत्नी अर्चना यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अर्चना गंगीरी ब्लाक के वार्ड 43 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। संजय यादव बदायूं के सांसद धर्मेंद्र यादव के रिश्ते में बहनोई हैं। माना जा रहा है कि सपा इस बार जिला पंचायत के चुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर देने की तैयारी में है।
पूर्व नगर विधायक जफर आलम के जेल रोड स्थित कैंप कार्यालय पर रविवार को सपा के वरिष्ठ नेताओं ने जिला पंचायत चुनाव में पूर्ण बहुमत लाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर पूर्व विधायक जफर आलम, पूर्व विधायक ठा. राकेश सिंह, पूर्व सांसद चौ. बिजेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, महानगर महासचिव मनोज यादव, जिला महासचिव मुकेश माहेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष रत्नाकर पांडेय, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद सविता, प्रदेश प्रवक्ता मुजाहिद किदवई, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इस्हाक, युवजन सभा के प्रदेश कोषाध्यक्ष सलमान शाहिद, जिला उपाध्यक्ष अहमद सईद सिद्दीकी, कोषाध्यक्ष गुड्डा यादव आदि रहे।
परिवारवाद के सवाल पर जिलाध्यक्ष गिरीश यादव ने स्पष्ट किया कि जिला पंचायत चुनाव में भाजपा में भी परिवारवाद हावी है, उस पर कोई सवाल क्यों नहीं उठ रहा है। वार्ड नंबर छह अतरौली से किसी दूसरे को चुनाव तक नहीं लड़ने दिया जा रहा है। गौर हो कि वार्ड नंबर छह अतरौली द्वितीय से पूर्व सीएम कल्याण सिंह की पौत्री एवं एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह की पुत्री पूर्णिमा सिंह के चुनाव लड़ने की तैयारी हो रही है। उनको जिला पंचायत अध्यक्ष पद का दावेदार माना जा रहा है।