अतरौली/ अलीगढ़। चौथे और अंतिम चरण में मतदाताओं का उत्साह बढ़ा और 66 फीसदी तक मतदान हुआ जो बाकी के तीनों चरण से ज्यादा था। कुछ जगहों पर थोड़ी बहुत कहासुनी के साथ मतदान का चौथा चरण शांति से सम्पन्न हो गया। अब जिला प्रशासन पहली नवंबर को मतगणना की तैयारियों में जुट गया है। जिले के 12 ब्लॉकों में अलग अलग मतगणना होगी और देर शाम तक सभी नतीजे जारी कर दिए जाएंगे।
इस दौरान चौथे चरण में अतरौली ब्लॉक में 65 प्रतिशत और बिजौली ब्लॉक में 61 प्रतिशत मतदान हुआ। बिजौली में कई बूथों पर सन्नाटा दिखा तो कहीं वोटरों में उत्साह भी था। अतरौली के 240 और बिजौली ब्लॉक के 200 बूथों पर जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद हेतु वोट डाले गए।
कई स्थानों पर प्रत्याशी और उनके समर्थकों के बीच छिटपुट कहासुनी हुई। प्रेक्षक टी. वेंकटेश, डीएम डॉ. बलकार सिंह, एसएसपी जे. रविंद्र गौड़ स्थिति पर नजर रखते हुए अतरौली, बिजौली क्षेत्र में ही डटे रहे।