रामवीर उपाध्याय के परिवार में पड़ी फूट फिर आई बाहर
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के परिवार में फूट फिर खुलकर सामने आ गई है l पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने अपने छोटे भाई मुकुल उपाध्याय पर गंभीर आरोप लगाए हैं l रामवीर उपाध्याय ने कहा है कि जिला पंचायत के वार्ड नंबर 14 से उनकी पत्नी और पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी l
इसी वार्ड से उनके भाई व पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय की पत्नी रितु उपाध्याय को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है l ऐसे में अब सीमा उपाध्याय और उनकी देवरानी रितु उपाध्याय के बीच जिला पंचायत सदस्य के लिए मुकाबला होगा l
उन्होंने अपने समर्थकों की एक बैठक हुई अपने आगरा रोड स्थित निवास पर बुलाई l इस बैठक में उन्होंने यह घोषणा की l बैठक के दौरान वहां पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय भी पहुंच गए और अपने भाई से माफी मांगने लगे लेकिन रामवीर उपाध्याय ने स्पष्ट कह दिया कि अब वह उन्हें माफ नहीं करेंगे l
रामवीर का कहना था कि मुकुल ने उन्हें हर तरफ से कलंकित कर दिया है l माफी का सवाल ही नहीं उठता l रामवीर ने मुकुल उपाध्याय के तमाम किस्से भी अपने समर्थकों को बताए l इस मौके पर उनके भाई व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय भी मौजूद थे l
रामवीर ने यह भी कहा कि सीमा उपाध्याय सदस्य का चुनाव लड़ेगी और उसके बाद अध्यक्ष का चुनाव विनोद उपाध्याय लड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि उपाध्याय परिवार के चार सदस्य पिछली बार भी जिला पंचायत सदस्य थे l इस बार फिर कई सदस्य जिला पंचायत का चुनाव लड़ रहे हैं l