महानगर के खैर रोड इंदिरा नगर इलाके में पेंट कारोबारी के घर में घुसे बदमाशों ने उनकी पत्नी की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी। वारदात में लूट का भी अंदेशा जताया जा रहा है। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार देर शाम उस समय हुई, जब महिला घर में अकेली थीं। हालांकि, घटना के चंद घंटों बाद महिला ने नर्सिंग होम में दम तोड़ दिया। मगर देर रात परिवार में इलाज में देरी को लेकर आक्रोश था और नर्सिंग होम में हंगामेदार हालात बने हुए थे।
देहली गेट के कनवरीगंज बाजार में शांति पेंट एजेंसी के नाम से पेंट एजेंसी के संचालक विजेंद्र गुप्ता इंदिरा नगर में रहते हैं। सोमवार को वे खुद व उनका छोटा बेटा अनिकेत दुकान पर मौजूद थे। घर में उनकी 56 वर्षीय पत्नी सुनीता गुप्ता अकेली थीं। शाम करीब 8 बजे अनिकेत घर पहुंचा तो उसकी मां घर में खून से लथपथ पड़ी थी और शरीर पर चाकुओं के वार साफ दिख रहे थे। घर में सामान भी बिखरा पड़ा था और अलमीरा भी खुली पड़ी थी।
इस बीच शोरशराबे पर वहां भीड़ एकत्रित हो गई। आनन-फानन में महिला को आगरा रोड के नर्सिंग होम ले जाया गया। जहां कुछ देर बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। खबर पर एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी, सीओ तृतीय सहित कई थानों का फोर्स व पीएसी घटनास्थल व नर्सिंग होम पर पहुंच गया। अस्पताल में तमाम व्यापारी व भाजपा नेता पहुंच गए थे। परिवार की नाराजगी शांत करने के प्रयास जारी थे।
व्यापारी की पत्नी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई है। मामला लूट का है या किसी रंजिश से जुड़ा है। इसकी जांच की जा रही है। घर में पेंटर भी काम कर रहा है। उससे भी मजदूरी का विवाद निकलकर आ रहा है। जांच में तस्वीर साफ होगी।
-श्वेताभ पांडेय, सीओ तृतीय