जिला प्रशासन ने धान खरीद की तैयारियां शुरू कर दी हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत एक अक्तूबर से 31 जनवरी 2023 तक जिले में 35 क्रय केंद्रों पर धान की सरकारी खरीद होगी। इसके लिए किसानों को अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा ।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुमार कुलश्रेष्ठ ने बताया कि पिछले साल सरकारी क्रय केंद्रों पर करीब 18 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी। इस वर्ष जनपद में धान खरीद के लिए अधिकृत एजेंसियों से आवक के अनुसार धान क्रय केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि धनीपुर, खैर एवं छर्रा अनाज मंडी में तीन-तीन, हरदुआगंज में दो, गभाना और अतरौली में एक-एक क्रय केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों को धान क्रय केंद्रों पर धान विक्रय के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
खाद्य विभाग की वेबसाइट पर मोबाइल एप भी डाउनलोड कर सकते हैं। धान विक्रय के लिए पंजीकरण किसी भी जनसुविधा केंद्र, साइबर कैफे या स्वयं से खाद्य विभाग के पोर्टल पर किया जा सकता है। इसमें किसानों को जमीन में अपना हिस्सा और उसमें बोये गए धान की घोषणा की जाएगी। किसानों को पंजीकरण के लिए कंप्यूराइज्ड खतौनी, फोटोयुक्त पहचान पत्र, बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति एवं आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि खरीदे गए धान का ऑनलाइन भुगतान होगा। इस बार सरकारी क्रय केंद्रों पर सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2040 रुपये प्रति क्विंटल है। ग्रेड-एक का धान 2060 रुपये प्रति क्विटंल खरीदा जाएगा।