पिछले कई दिनों से धान की अधिक आवक होने से धनीपुर मंडी में उपज लेकर पहुंचने वाले किसानों को अच्छा दाम नहीं मिल रहा था। बुधवार को धान की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। मंडी में धान के भाव 80 रुपये से 160 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ गए।
कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच अब भाव बढ़ने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की आस है। धान की बिक्री के लिए मंडी पहुंच रहे किसानों की निगाहें अब बाजार के भाव पर टिकी हैं। कीमतों में इस वृद्धि से किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
आढ़ती अमित राघव ने बताया कि बुधवार को मंडी में हाथ से कटे धान का भाव पिछले कई दिनों से 4100 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा था। जो बुधवार को बढ़कर 4260 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया।
इसी तरह कंबाइन से कटने वाले धान की कीमत 3800 से 80 रुपये की बढ़ोत्तरी के साथ 3880 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव बढ़ गए। शरबती धान की कीमतें 3250 से 3350 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ गईं। मंडी सचिव मुकेश त्रिपाठी ने बताया कि मंडी में बुधवार को सामान्य तरीके से खरीद हुई और उठान भी कराया गया।