क्वार्सी चौराहे पर फ्लाईओवर बन गया और उस पर यातायात शुरू हो गया। मगर इस फ्लाईओवर से सबसे बड़ा राहत का दिन रविवार रात से सोमवार शाम तक रहा। आस्था के पर्व सोमवती अमावस्या के दिन इस चौराहे से 24 घंटे में 40 हजार से ज्यादा वाहन गुजरे, लेकिन किसी तरह की समस्या नहीं हुई, जबकि अक्सर पर्वाें के मौके पर यह चौराहा वाहनों के दबाव के चलते जाम से जूझता था।
इस चौराहे से होकर बुलंदशहर जनपद के पांच गंगाघाट अनूपशहर, कर्णवास, राजघाट, नरौरा, रामघाट के लिए रास्ता जाता है। जिले के अलावा यूपी के हाथरस, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी के जिलों के अलावा राजस्थान के भरतपुर जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन गंगाघाटों से निजी व सार्वजनिक वाहनों से आते जाते हैं।
जब कभी कोई विशेष पर्व रहता था, तब क्वार्सी चौराहे पर जाम के कारण रामघाट रोड पर शहर के अंदर व शहर के बाहर पीएसी तक व बाईपास पर दोनों ओर अव्यवस्था का आलम रहता था, लेकिन इस बार इस सोमवार को ऐसा नहीं दिखा। इसकी वजह फ्लाईओवर चालू होना रही।
रविवार रात से लोगों की रवानगी शुरू हुई और सोमवार शाम तक वापसी का क्रम चला। सामान्य दिनों में इस चौराहे से 10 हजार वाहनों की अपेक्षा सोमवार को 40 हजार से ज्यादा वाहन गुजरे, जिनमें 80 फीसदी चारपहिया वाहन थे। इसके बावजूद न तो यातायात कर्मी पसीने छोड़ते दिखे और न जाम का झंझट दिखा। इसे लेकर एसपी यातायात प्रवीन कुमार यही कहते हैं कि चौराहे पर फ्लाईओवर से व्यवस्था दुरुस्त हुई है। साथ में हमारी टीम भी लगातार सक्रिय रही।