महानगर के चार प्रमुख चौराहों में शामिल एटा चुंगी पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए शासन ने स्वीकृति दे दी है। इस वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में पुल निर्माण शामिल किया गया है। अब सेतु निगम स्तर से इसका डीपीआर तैयार की जाएगी, जिस पर बजट मंजूरी के बाद पुल का निर्माण शुरू होगा। बता दें कि विधायक कोल अनिल पाराशर द्वारा एटा चुंगी व क्वार्सी पर पुल निर्माण का प्रस्ताव भेजा था। विधायक व मंडलायुक्त स्तर से प्रयास के बाद यह मंजूरी मिली है।
शहर में जाम के प्रमुख केंद्रों में शामिल क्वार्सी, एटा चुंगी, सारसौल व सासनी गेट चौराहों में से कोल विधायक अनिल पाराशर ने अपने क्षेत्र के क्वार्सी व एटा चुंगी के लिए और शहर विधायक ने सारसौल के लिए प्रस्ताव तैयार कराया था, जिसमें से 50 करोड़ की अनुमानित लागत से 600 मीटर लंबा, छह लेन का ओवरब्रिज एटा चुंगी पर बनने का प्रस्ताव तैयार हुआ। इसमें चौराहे से 300 मीटर धनीपुर मंडी व 300 मीटर नौरंगाबाद की तरफ का भाग होगा। कमिशभनर स्तर से यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया। पुल की इस वित्तीय वर्ष के बजट में मंजूरी मिल गई है।
इसे शासन की प्राथमिकता वाली कार्ययोजना में शामिल कर अब सेतु निगम से डीपीआर मांगी गई है। जिस पर सेतु निगम ने डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया है। बता दें कि इन प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या दिन भर रहती है। इसके निर्माण से लोगों को राहत मिलेगी।
- मैंने अपनी विधानसभा क्षेत्र में दो पुल क्वार्सी व एटा चुंगी पर निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कराया था, जिसमें 15 दिन पहले एटा चुंगी के पुल के लिए मंजूरी मिल गई है। अब जल्द डीपीआर बनवाकर बजट मंजूर कराया जाएगा ताकि निर्माण शुरू हो सके। - अनिल पाराशर, विधायक कोल क्षेत्र
- एटा चुंगी पर ओवर ब्रिज निर्माण के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। अब सेतु निगम स्तर से इसके लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। इसके बाद बजट मिलते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।-गौरव दयाल, मंडलायुक्त