अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में क्षेत्रवाद के नाम पर होने वाले टकराव को लेकर इंतजामिया चिंतित है। विश्वविद्यालय का माहौल बिगाड़ने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के संकेत अधिकारियों ने दिया है। इसके साथ ही एएमयू के छात्रावासों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
मंगलवार को सह कुलपति सैयद अहमद अली ने सभी संकायों के डीन, हालों के प्रोवोस्ट, वार्डन एवं प्राचार्यों के साथ बैठक कर विश्वविद्यालय में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए टीम भावना से काम करने का निर्देश दिया। अधिकारियों से कहा कि अपने आवासीय हालों में विशेष चौकसी बरतें।
किसी भी बाहरी व्यक्ति को छात्रावासों में न घुसने दें। साथ ही किसी भी स्तर पर क्षेत्रवाद को न पनपने दें और हालात को सामान्य बनाने में प्रोक्टोरियल टीम के साथ संपर्क बनाये रखें। शरारती और अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्ती से पेश आए। उन्होंने कहा कि हमें क्षेत्रवाद के नाम पर होने वाले टकराव के विरुद्ध कठोर कदम उठाने चाहिए। विवि की प्रतिष्ठा और गरिमा को बनाए रखना हम सबका सामूहिक दायित्व है।