तहसील कार्यालयों से जाति, आय, मूल निवास प्रमाण पत्र तय समय पर जारी नहीं हो पा रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद भी आवेदक प्रमाण पत्र पाने के लिए चक्कर काटते रहते हैं। बीते दिनों प्रदेश के राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान ने प्रमाण पत्रों को निर्धारित समय पर जारी करने के निर्देश दिए थे और कहा था कि देरी होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इसके बावजूद निर्धारित अवधि में प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं।
जिले में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों के लिए एक मई से 31 मई के मध्य 41,008 आवेदन किए गए थे, इनमें से 37,669 प्रमाण पत्र जारी हो चुके हैं। मूल निवास व जाति प्रमाण पत्र के 3,329 आवेदन लंबित हैं। आय प्रमाण पत्र के 17 ऐसे आवेदन हैं, जिनकी समय सीमा समाप्त हो चुकी है। इनमें सर्वाधिक नौ आवेदन तहसील अतरौली के और आठ आवेदन कोल तहसील के हैं। प्रमाण पत्र जारी न होने से आवेदकों के नौकरी संबंधी एवं अन्य जरूरी काम नहीं हो पा रहे हैं।
केस - एक
कोल तहसील के बरहेेती गांव के मुकेश कुमार ने मूल निवास प्रमाण पत्र के लिए 12 मई को आवेदन किया था। अब तक उनको प्रमाण पत्र नहीं मिला है। वह कई दिन से तहसील के चक्कर लगा रहे हैं।
केस- दो
गभाना तहसील के पिपलौठ गांव के छात्र हरिओम ने 20 मई को आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। तय समय पर प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ है। हरिओम का कहना है कि नियमत: सात दिन में आय प्रमाण पत्र जारी होना चाहिए।
केस - तीन
खैर तहसील के बिसारा गांव के छात्र अमित कुमार ने 15 मई को आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। जनसेवा केंद्र से लेकर तहसील कार्यालय तक दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन उनका आय प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ है।
केस- चार
अतरौली के पालीमुकीमपुर के प्रेमपाल सिंह ने अपनी बेटी के मूल निवास प्रमाण पत्र के लिए 5 मई को आवेदन किया था। लेकिन प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ। वह रोजाना तहसील के चक्कर लगा रहे हैं।
ये है नियम
आय, जाति, मूल निवास प्रमाण पत्रों को जारी करने के लिए अधिकतम 20 दिन एवं वारिसान प्रमाण पत्र के लिए 30 दिन का समय निर्धारित किया गया है।
मूल निवास व जाति प्रमाण पत्र समय पर जारी हो रहे हैं। आय प्रमाण पत्र जारी करने में इसलिए देरी हो रही है कि जांच प्रक्रिया लंबी है। छात्रों के लिए सुविधा है कि उन्हें अधिकतम सात दिन में आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाता है। कई ऐसे लंबित आवेदन हैं, जिन्हें लेखपाल, कानूनगो स्तर से जांच पूरी न होने के कारण निर्धारित समय पर जारी नहीं किया जा सका है।
- विधान जायसवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व
जिले में तहसीलवार आवेदनों की स्थिति
तहसील आवेदन निस्तारित लंबित
कोल 13,288 11,691 1597
अतरौली 8725 7271 1453
खैर 4652 4228 424
गभाना 3690 3369 321
इगलास 4808 4312 496
( नोट- विवरण एक मई से 31 मई तक का है।)