अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान व दायित्व संगठन ने शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। मंडलायुक्त अजयदीप सिंह व अपर आयुक्त प्रशासन शमीम अहमद ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यहां मंडलायुक्त ने अलीगढ़ वासियों को दीपोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि ज्ञान के प्रकाश से ही पर्यावरण बचाया जा सकेगा। सभी जागरूक होंगे तो दीपावली पर आतिशबाजी ही नहीं करेंगे। उन्होंने लोगों से प्रतीकात्मक आतिशबाजी करने की अपील की।
यहां संगठन के पदाधिकारियों ने जिले वासियों से आह्वान किया कि एक मां ही संतान की सबसे पहली गुरू होती है। इसलिए मां के कहने पर ही बच्चे जागरूक हो सकेंगे। जब मां घर में ईको फ्रैंडली दीपावली मनाने के लिए प्रयासरत रहेंगी तो पर्यावरण का संरक्षण किया जा सकेगा। मंडलायुक्त ने यहां धनवन्तरी वाटिका, रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क व पोर्टिकों का लोकार्पण कर सभी के परिवार में सुख समृद्धि की कामना की। पूरे कमिश्नरी परिसर को सात हजार दीपों से रोशन किया गया।
इसके बाद यूपीएस रजानगर के विद्यार्थियों ने शिक्षिका ललिता वर्मा के निर्देशन में योगा कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। दायित्व संस्था की सचिव आरजे कल्पना सिंह ने बताया कि शनिवार को सभी पदाधिकारी कमिश्नरी से दीपक उठाकर साफ सफाई भी करेंगे। विशिष्ठ अतिथि के रूप में आरती मित्तल, कल्पलता चंद्रहास, निक्की अग्रवाल, डॉ. अंतरा गुप्ता, डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने प्रतिभागिता की। इस मौके पर संस्था अध्यक्ष यशवर्धन राना, शुभम शर्मा, नवरत्न सिंह, अरुण तिवारी, तल्हा शेरवानी, मोहन सिंह, गिरीश ठाकुर, शैली शर्मा, सारिमा, ईशा, ओमवीर, साधना सिंह आदि मौजूद रहे।