निकाय चुनाव के लिए मतदानकर्मियों का प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया है। इस दौरान मतदानकर्मियों के पोस्टल बैलेट के जरिये मतदान की व्यवस्था भी की गई। पहले दिन हुए मतदान में कुल 23 कर्मियों ने मतदान किया है। इस दौरान डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सीडीओ आकांक्षा राणा ने प्रशिक्षण कराया।
जीटी रोड के कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। जो 6 मई तक चलेगा। इसमें 5606 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षण से पहले मतदान व्यवस्था का डीएम ने निरीक्षण किया और कहा कि आप जिस तरह से भी जैसे ईवीएम या मतपत्र के माध्यम जिससे भी हो मतदान कराएं उस प्रक्रिया को भली भांति समझ लें।
ईवीएम में जहां तकनीकी पक्ष बहुत मजबूत होना चाहिए। वहीं मतपत्र के मामले में आपका पूर्व में सकुशल संपन्न कराए गए मतदानों का अनुभव आपको सफल बनाएगा। हर पक्ष बारीकी से समझ लें। वहीं सीडीओ आकांक्षा रणा ने मतपेटी को खोलना, बंद करना व सील करने की प्रक्रिया को विधिवत सीखने की सलाह दी। संपूर्ण प्रशिक्षण में ईवीएम मशीन के संचालन व सील करने के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद डाक मतपत्र की मदद से मताधिकार का भी प्रयोग किया गया। बुधवार को प्रशिक्षण में शामिल हुए 900 कार्मिकों में से 23 ने मतदान किया। जिसमें सर्वाधिक नगर निगम के मेयर व पार्षद पदों के लिए 16 मत पड़े हैं।
इसके अलावा खैर नगर पालिका में अध्यक्ष, सदस्य के लिए एक, नगर पंचायत इगलास में दो, नगर पंचायत जट्टारी में तीन, नगर पंचायत विजयगढ़ में एक वोट डाला गया। इस मौके पर इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीनू राणा, एसडीएम कोल रविशंकर, पीडी भालचंद्र त्रिपाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार, जिला उद्यान अधिकारी डा. धीरेंद्र कुमार, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, तहसीलदार कोल, मास्टर ट्रेनर मो. शाहबुद्दीन, डीके राजपूत आदि मौजूद थे।