17 जुलाई को दिन में लगभग साढ़े तीन बजे अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर श्यौरा रजबहा के समीप दो बाइकों की सामने से टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ग्राम श्यौरा बहादुरपुर निवासी 34 वर्षीय सुखवीर सिंह पुत्र शिवलाल सिंह अपने पड़ोसी पंकज के साथ गांव साथिनी स्थिति गैस एजेंसी से गैस सिलिंडर लेकर गांव लौट रहे थे। श्यौरा रजबहा के समीप एक वाहन को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक टकरा गई।
इससे सुखवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पंकज सहित दूसरी बाइक पर मौजूद गौरव, मोनू और कोहिनूर निवासी महमूदनगर, अलीगढ़ शहर गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। कोतवाल देवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
तीन भाइयों में सबसे छोटे थे सुखवीर
सुखवीर सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वर्ष 2018 में सीमा देवी के साथ उनकी शादी हुई थी। तीन साल की बेटी गुनगुन है।मजदूरी कर वह परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत से पत्नी सहित परिवार वालों का रोकर बुरा हाल था।