अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में आसपास के जिलों से जांच के लिए आए 12 सैंपल में से एक सैंपल पॉजिटिव (कोरोना वायरस से संक्रमित होने का संदेह) निकला। यह सैंपल आगरा से आया था। अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पॉजिटिव मिले इस सैंपल को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज भेजा है ताकि सैंपल की और गहनता से जांच की जा सके।
प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण की जांच के लिए एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज को भी अधिकृत किया गया है। यहां पर आगरा, इटावा, अलीगढ़, मथुरा, एटा सहित आसपास के अन्य जिलों के कोरोना के संदिग्ध केसों की जांच की व्यवस्था है। बृहस्पतिवार को यहां पर मथुरा, आगरा आदि अन्य जिलों से 12 नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। आगरा से आए एक नमूने में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की बात सामने आई है। प्रिंसिपल प्रो. शाहिद अली सिद्दीकी ने बताया कि अधिक पुष्टि के लिए नमूने को लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
रेजीडेंट डॉक्टरों, स्टॉफ को दी गई ट्रेनिंग
कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर्स और स्टॉफ को उपचार और बचाव आदि की जानकारी दी गई। इस संबंध में कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण दिया गया। इसमें बताया गया कि किस प्रकार कोरोना वायरस से ग्रस्त व्यक्ति का उपचार करते हुए सावधानी बरतनी है। किस प्रकार उपचार करना है।