छर्रा मार्ग स्थित बहरावद की पुलिया के निकट बुधवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्कूटी पर बोरी में भरकर ले जाए जा रहे मांस को लोगों ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को स्कूटी सहित हिरासत में ले लिया। उनके पास से करीब एक क्विंटल मांस बरामद हुआ है।
पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर जाकर मांस के नमूने लिए। लोगों ने बोरे में गोमांस होने का शक जताया है। बजरंग दल के जिला सह संयोजक मनोज राजपूत मढ़ौली रजबहे पर खड़े थे। इस दौरान उन्हें एक स्कूटी जाती हुई दिखी। स्कूटी पर दो बोरे रखे थे। उनमें से सड़क पर ही खून टपक रहा था। यह देख मनोज राजपूत को शक हुआ तो उन्होंने स्कूटी का पीछा शुरू कर दिया और पुलिस व अपने साथियों को सूचना दे दी।
बजरंग दल कार्यकर्ता महेश वर्मा, दीपक, अंकुर व संजय आर्य आदि वहां पहुंच गए। बहरावद की पुलिया पर उन्होंने स्कूटी पर जा रहे दोनों लोगों को पकड़ लिया और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों बोरियां खोलकर देखीं तो उनमें मांस भरा हुआ था। सीओ सर्जना सिंह ने बताया कि मांस के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि मांस किसका है।