शराब माफिया ऋषि शर्मा पर एक लाख का इनाम घोषित कर दिया गया है। वहीं, नौवें दिन शनिवार को अकराबाद के ईंट-भट्ठा के तीन मजदूरों के साथ ही दो अन्य उपचाराधीनों ने दम तोड़ दिया। जनपद में अब तक 108 लोग इस कांड की भेंट चढ़ चुके हैं। इधर, पुलिस ने शराब माफिया अनिल चौधरी के साले एवं 25 हजार के इनामी नीरज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
शनिवार को एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि जहरीली शराब कांड का मुख्य तस्कर ऋषि शर्मा पर 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख का इनाम घोषित किया गया है। एडीजी जोन ने इनाम बढ़ाने की घोषणा की। एसएसपी ने बताया कि ऋषि को गिरफ्तार करने के लिए कई राज्यों में पुलिस दबिश दे रही है। अब तक उसके परिवार के पांच लोगों को जेल भेजा जा चुका है।
वहीं, एसडीएम कोल रंजीत सिंह के नेतृत्व में शनिवार को प्रशासनिक टीम ने शराब माफिया ऋषि शर्मा के जवां स्थित फार्म हाउस पर जेसीबी से एक हिस्सा ढहा दिया। यह हिस्सा सरकारी चकरोड पर कब्जा कर बनवाया गया था। वहीं, छीछालेदर होने के बाद रालोद ने माफिया अनिल चौधरी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।