गोंडा थाना क्षेत्र के टैंटी गांव रोड स्थित नगला बिरखू में मंगलवार देर शाम दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई और दो घायल हो गए। भिडंत की आवाज सुनकर राहगीरों ने सड़क हादसे की सूचना पुलिस को दी।
गोंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को खैर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। जहां पर अरजान (17) पुत्र जाहिद निवासी कराली जिला मथुरा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। साथ ही दो अन्य घायल अरमान पुत्र पप्पू निवासी कराली एवं दूसरी बाइक पर सवार अजय पुत्र सुखवीर निवासी धुंदी नगला खैर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि अरजान और अरमान बाइक पर दो बकरों को लेकर कराली से अपनी ननिहाल खैर जा रहे थे। फोटोग्राफर अजय खैर से नगला बिरखू जा रहा था। दोनों की बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। अरजान अपने घर में चार भाई और दो बहन के बीच तीसरा था। मृतक की मां चीना एवं पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर खैर विधायक सुरेंद्र दिलेर भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आ गए और मृतक एवं घायल के परिजनों को सांत्वना दी। गोंडा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।