कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए शुक्रवार रात आठ बजे से लगे कोरोना कर्फ्यू का पालन शनिवार के बाद रविवार को भी पुलिस व प्रशासन ने कड़े प्रतिबंधों के साथ कराया। हालांकि मतगणना के चलते केंद्रों के बाहर भीड़ ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाईं। पुलिस भी उनको घर भेजने में नाकाम रही। इधर, चौराहों पर सख्ती रही।
किसी भी व्यक्ति को बेवजह जाने-आने नहीं दिया। इसके अलावा, बिना मास्क के घूम रहे लोगों पर भी सख्ती दिखाई। करीब 150 लोगों के चालान काटे गए। बैंक और शराब की दुकानें, ईएमयू ट्रेन भी बंद रहीं। रोडवेज बसें सिर्फ विशेष परिस्थितियों में चलीं।
हालांकि मोहल्लों में दूध, फल, सब्जी की दुकानें पूरे दिन खुलीं रहीं। यह प्रतिबंध आज भी लागू रहेगा। मंगलवार की साप्ताहिक बंदी रहेगी या नहीं, इसको लेकर अभी जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव परिणामों की व्यस्तता के चलते मीटिंग नहीं हो सकी। सोमवार को इस संबंध में बैठक की जाएगी। कोरोना की समीक्षा बैठक में ही इसको लेकर भी निर्णय लिया जाएगा।