नानऊ पैंठ में सभा में को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : Dig Vishal
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को यहां दो जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और गठबंधन पर जमकर बरसे। सीएम ने कहा कि यूपीए सरकार में कहा जाता था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। लेकिन हम कहते हैं कि मुसलमानों का नहीं, बल्कि देश की जनता का हक है। योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण और जिन्ना की तस्वीर का मुद्दा भी उठाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को भाजपा सांसद सतीश गौतम के पक्ष में अतरौली के केएमबी इंटर कॉलेज मैदान में और हाथ्ारस के भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर के पक्ष्ा में यहां नानऊ पैंठ में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किए। योगी ने सहारनपुर में मायावती के भाषण का उल्लेख कर इशारों में कहा कि मायावती के भाषण ने स्पष्ट कर दिया है कि वोट किसे देना है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र से लगता है कि कांग्रेसियों का हाथ देशद्रोहियों के साथ है। योगी ने कहा कि कांग्रेस के पीएम मनमोहन सिंह कहते थे कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है, लेकिन हमारी सरकार कहती है कि देश के संसाधनों पर पहला हक जनता का है।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में चीन हमारी सीमा में घुस जाता था। पाकिस्तानी भारतीय सैनिकों के सिर काटकर ले जाते थे। आज दोकलाम से चीनी सेना को पीछे हटना पड़ा। हमारे जांबाज सैनिक पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को नष्ट कर आए। नामुमकिन को मुमकिन बनाने का नाम मोदी है।