वैद्य नगरी के नाम से प्रसिद्ध विजयगढ़ में धन्वंतरि जयंती का विशेष महत्व है। यहां धनतेरस पर आयुर्वेदिक फार्मेसियों में भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की पुरानी परंपरा है। शुक्रवार को कस्बे की करीब एक दर्जन फार्मेसियों में विधि-विधान से पूजन और हवन होगा।
धन्वंतरि कार्यालय स्टेट में यजमान राजेश गर्ग, प्राणाचार्य भवन आयुर्वेदिक संस्थान में वैद्य शशांक अग्रवाल, धन्वंतरि कार्यालय सेंट्रल में वैद्य मुदित गर्ग, अतुल फार्मेसी में वैद्य यतेंद्र गर्ग, गर्ग बनौषधि भंडार में वैद्य गोपालशरण गर्ग यजमान रहेंगे। वैद्य अमन गर्ग, वैद्य अमृत गर्ग और वैद्य ललित यादव भी आयोजन में शामिल होंगे। कई फार्मेसियों में करीब 150 वर्षों से यह परंपरा निभाई जा रही है। आचार्य पंडित राजकुमार शर्मा, पंडित परम किशोर शर्मा, पंडित श्रीकृष्ण शर्मा और पंडित केशवदेव शर्मा पूजन कराएंगे। हवन और आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद व भगवान धन्वंतरि के चित्र वितरित किए जाएंगे। प्रसाद में केसर, मुनक्का, बादाम, इलायची, लौंग, जावित्री, कपूर, घी और चीनी मिलाई जाती है।
- सर्दी की शुरुआत में भगवान धन्वंतरि का प्रसाद खाने से शारीरिक ऊर्जा बढ़ती है। यह सर्दी-जुकाम, बुखार और कब्ज में लाभकारी है। इससे पाचन शक्ति भी बढ़ती है। - वैद्य गोपालशरण गर्ग।
- सुबह से ही फार्मेसी में पूजा की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। सभी लोग मिलकर आयोजन करते हैं। विजयगढ़ के प्रतिष्ठित लोगों को आमंत्रित कर सामूहिक रूप से आहुतियां दी जाती हैं। - हरीश गर्ग
- धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की परंपरा पुराने समय से चली आ रही है। मैं सुबह से उपवास रखकर सभी के साथ कथा सुनता हूं और पूर्णाहुति में शामिल होता हूं।- वैद्य शशांक अग्रवाल
- भगवान धन्वंतरि की कथा में प्रसाद का विशेष महत्व है। केसर, मुनक्का, बादाम, छोटी इलायची, लौंग, जावित्री, कपूर, देसी घी और चीनी से इसे तैयार किया जाता है।- वैद्य बाबूलाल यादव