ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार के साथ अतिरिक्त आय का अवसर उपलब्ध कराने के लिए भारतीय डाक विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से पहल की गई है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं डाक विभाग की डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की डायरेक्ट एजेंट बन सकेंगी।
इसके माध्यम से महिलाएं अपनी आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण परिवारों तक बीमा की सुविधा पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से अलीगढ़ में 2200 महिला एजेंट तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना का लाभ शहर के साथ ही धनीपुर, लोधा, अतरौली, खैर, जवां और टप्पल ब्लॉक की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मिल सकेगा।
इस पहल से न केवल महिलाओं को रोजगार एवं अतिरिक्त कमाई के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि गांव-गांव तक डाक जीवन बीमा की सुरक्षा पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। वरिष्ठ डाक अधीक्षक अलीगढ़ मंडल जितेंद्र कपूर ने बताया कि डाक जीवन बीमा एजेंट के रूप में नई पॉलिसी और प्रीमियम अर्जित करने पर नियमानुसार आकर्षक कमीशन का प्रावधान है, जो अधिकतम 20 प्रतिशत तक हो सकता है। एजेंट बनने के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल पास होना आवश्यक है। डाक विभाग की ओर से जिले के प्रत्येक ब्लॉक में महिलाओं को योजना के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।