जर्जर पानी की टंकी को ध्वस्त करती जेसीबी। संवाद
- फोटो : samvad
कस्बा जट्टारी के लोगों को जल्द ही मनोरंजन के लिए नया पार्क मिलने जा रहा है। चामुंडा मंदिर के पास करीब 50 साल पुरानी जर्जर पानी की टंकी को प्रशासनिक अनुमति के बाद ध्वस्त कर दिया गया है। अब इस खाली जमीन पर नगर पंचायत का पहला सार्वजनिक पार्क विकसित किया जाएगा।
यह टंकी लंबे समय से अनुपयोगी थी और जर्जर हालत में खड़ी होने के कारण हादसे का खतरा बनी हुई थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों और तकनीकी सुरक्षा जांच के बाद प्रशासन ने इसे गिराने की अनुमति दी। ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप बंसल ने बताया कि टंकी हटने से हादसे का खतरा खत्म होने के साथ ही कस्बे को विकास के लिए नई जगह मिली है। खाली भूमि पर सुंदर पार्क बनाया जाएगा। इसमें बच्चों के खेलने के लिए आधुनिक झूले लगाए जाएंगे। साथ ही लोगों के बैठने और टहलने की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने बताया कि पार्क निर्माण का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। इससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थल मिल सकेगा।