साहिबाबाद में ओएचई तार टूटा, कई ट्रेनों के पहिए थमे अमर उजाला ब्यूरोअलीगढ़। दिल्ली-हावड़ा रूट पर साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह ओएचई (ओवर हैड इलेक्ट्रिक लाइन) का तार टूटकर गिरने से अलीगढ़ की ओर आने वाली ट्रेनों के पहिए थम गए। इसके कारण ट्रेनें करीब दो से तीन घंटे की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के देरी से आने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। साहिबाबाद स्टेशन के पास गुरुवार सुबह करीब 6 बजे ओएचई का तार टूटकर गिर गया। इससे विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और वह ओएचई का तार ठीक करने में जुट गए। रेलवे सूत्रों की बात मनों तो तार सुबह करीब 9 बजे तक ठीक हो सका है। इसके कारण लखनऊ जाने वाली शताब्दी करीब 2:45 घंटे, पुरी एक्सप्रेस 2:00 घंटे, कालका एक्सप्रेस 2:00 घंटे, ईएमयू 2:00 घंटे की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची। उधर, पिछले कई दिनों से दिल्ली-हावड़ा रूट पर देरी से चल रही महानंदा एक्सप्रेस को रेल अफसरों ने रद कर दिया है।