टोल ने बढ़ाया रोडवेज का किरायाकिराये में 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी, गुरुवार शाम से नया किराया लागूअमर उजाला ब्यूरोअलीगढ़। अलीगढ़ से गाजियाबाद के बीच टोल टैक्स की वसूली मंगलवार रात 12 बजे के बाद से विधिवत शुरू हो गई। इस वसूली के बाद रोडवेज ने इस रूट पर यात्री किराए में 15 से लेकर 20 फीसदी बढ़ोत्तरी कर दी है। नया किराया विभाग ने गुरुवार की शाम से लागू कर दिया है। बस कंडक्टर रूटों पर जाने से पहले नया किराया इटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन) में फीड करा रहे हैं। रोडवेज के अलीगढ़ डिपो प्रभारी मुनेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सोमना पर बने टोल प्लाजा पर रोडवेज बसों से 395 रुपये और लुहारली (गाजियाबाद) पर करीब 190 रुपये टोल टैक्स वसूला जा रहा है। जबकि उधर से आते समय लुहारली पर 395 और सोमना पर 190 रुपये टोल टैक्स वसूला जा रहा है। इस टोल टैक्स के कारण रोडवेज बसों के किराए में वृद्धि कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शाम से रूटों पर बस ले जाने वाले कंडक्टरों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि वह इटीएम में नया किराया फीड करने के बाद ही रूटों पर बसें लेकर निकलेें। कुछ कंडक्टरों ने किराया फीड करना शुरू कर दिया है। उन्होंने संभावना जताई कि दोबारा टोल टैक्स बढ़ेगा तो उसी हिसाब से किराए में वृद्धि की जा सकती है।