रोडवेज के अधिकारी की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट सामने आने के बाद जिला प्रशासन के सामने अन्य भी कई खुलासे हुए हैं। अधिकारी का 24 अप्रैल को सैंपल हुआ। नियमानुसार जांच रिपोर्ट आने तक उसको खुद को क्वारंटीन रखना था। मगर, स्वास्थ्य महकमे से लेकर स्वयं उक्त अधिकारी की लापरवाही रही। इसके बाद दूसरा खुलासा अधिकारी के 24 अप्रैल की शाम को गाजियाबाद जाने को लेकर हुआ है।
इसमें सामने आया है कि अधिकारी बिना अनुमति पास कराए ही अपने पद और रसूक के चलते गजियाबाद तक चला गया। ऐसा करके न सिर्फ लॉक डाउन का उल्लंघन किया। बल्कि अपनी पत्नी और बेटी-बेटों की जान को भी खतरे में डाल दिया। अब अधिकारी के संपर्क में गाजियाबाद में कितने लोग आए यह जानकारी गजियाबाज जिला प्रशासन खंगालने में लग गया है। जिले से बाहर जाने के लिए अनुमति जारी करने वाले अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह के मुताबिक रोडवेज अधिकारी उनके पास किसी भी प्रकार से जिले से बाहर जाने की अनुमति लेने के लिए नहीं आए।