नुमाइश को लेकर इस बार कोरोना के चलते संकट की निगाहों से देखा जा रहा था। मगर, जिला प्रशासन ने इसे पहले से और अधिक भव्य बनाने का मन बनाया है। शुक्रवार को जिला प्रशासन ने नुमाइश के आयोजन को लेकर पहली बैठक की। बैठक में सीडीओ अनुनय झा की ओर से सुझाव दिया गया है कि इस बार शहर में अलग-अलग स्थानों पर भी नुमाइश के आयोजन होने चाहिए। इससे पूरा शहर नुमाइशमय हो जाएगा। इस प्रकार का आयोजन प्रदेश के आगरा जिले में लगने वाले ताज महोत्सव में होता है।
ताज महोत्सव के दौरान ताजनगरी से लेकर शहर के सदर, आगरा कॉलेज व सूरसदन ऑडिटोरियम आदि स्थानों पर एक ही वक्त में अलग-अलग आयोजन होते हैं। हालांकि अलीगढ़ नुमाइश में इससे पहले भी खेलकूद आयोजनों को नुमाइश मैदान से बाहर आयोजित किया जाता रहा है। अभी इस प्रस्ताव पर मुहर लगना बाकी है। हालांकि इस सोच को कोरोना काल से भी जोड़कर देखा जा रहा है। अगर, इस प्रकार से शहर भर में कार्यक्रम होते हैं तो कहीं न कहीं नुमाइश मैदान में भीड़ कम होगी और सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना के अन्य नियमों का पालन हो सकेगा। सीडीओ ने बताया कि सुझाव रखा गया है। आगे पूरी कार्यकारिणी जिस पर भी सहमति जताएगी उस प्रकार से कार्यक्रम किया जाएगा।