नए राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-530बी के शुरू होने के बाद रुहेलखंड डिपो की बसें हाथरस शहर और हाथरस जंक्शन तक न आकर बाईपास से जा रही थी। अब ये बसें शहर में बस स्टैंड से होकर जाएंगी। इससे हाथरस के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
हाथरस निवासी डॉक्टर पवन सेंगर ने जनसुनवाई एप के माध्यम से इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में कहा था कि रुहेलखंड डिपो की बसें तालाब चौराहे से सीधे रवाना हो जाती है और बस स्टैंड पर नहीं जाती। इससे यात्रियों को असुविधा होती है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए रुहेलखंड डिपो प्रशासन ने पत्र जारी कर डिपो के सभी चालकों एवं परिचालकों को हाथरस बस स्टैंड से होकर प्रवेश करने के निर्देश दिए हैं। इसकी अवहेलना करने पर कार्रवाई की जाएगी।