चिकित्सा राज्यमंत्री अतुल गर्ग साथ में शहर विधायक संजीव राजा ।
- फोटो : neeraj
कोरोना मरीजों से अब विधायक प्रतिदिन फोन पर बात करेंगे। उनसे स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लेंगे। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएंगे। बृहस्पतिवार को चिकित्सा राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कोरोना कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान विधायक संजीव राजा की शिकायत पर यह निर्देश दिया।
कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोरोना मरीजों की संख्या, अस्पतालों की संख्या, उनमें भर्ती मरीजों की संख्या और उनके सापेक्ष बेड़ों की संख्या की जानकारी ली। कंट्रोल रूम प्रभारी स्मृति गौतम के जवाबों से संतुष्ट नजर आए।
वहीं, उनके साथ पहुंचे शहर विधायक संजीव राजा ने भी कुछ समस्याएं रखीं, जिनके आधार पर उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रतिदिन कोविड मरीजों की एक सूची उनके नाम, पते और मोबाइल नंबर सहित विधायकों को भी दी जाए। विधायक अपने स्तर से मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेंगे। अगर, कोई समस्या सामने आती है तो उससे प्रशासन को तत्काल अवगत कराएंगे।
प्रशासन को समस्या का त्वरित निस्तारण करना होगा। इस निर्देश के बाद वह कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक करने पहुंचे। यहां स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों से उनके कामकाज को लेकर जवाब तलब किया। सभी काम सही पाए जाने पर मंत्री ने जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह यहां के पूरे रिकार्ड को मुख्यमंत्री के सामने पेश करेंगे।
बैठक में सीडीओ अनुनय झा, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एडीएम वित्त विधान जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, कंट्रोल रूम इंचार्ज स्मृति गौतम आदि मौजूद रहे। इनके साथ ही कोल विधायक अनिल पाराश और छर्रा विधायक रवेंद्र पाल सिंह भी बैठक में मौजूद रहे।