थाना पिसावा क्षेत्र के गांव सबलपुर निवासी कालीचरन शर्मा की शिकायत पर बीएसए ने नोटिस जारी कर स्कूल प्रबंधन से सात दिन में जवाब मांगा है। इसी शिकायत पर खंड शिक्षाधिकारी सुबोध पाठक ने यश ग्लोबल स्कूल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में एक ही भवन में डीआर ग्रुप ऑफ एजुकेशन व यश ग्लोबल पब्लिक स्कूल संचालित पाए गए। भूतल में 16 में से आठ कमरों में बेसिक शिक्षा परिषद की कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं संचालित हैं। शेष आठ कमरों में उच्च शिक्षा से संबंधित लैब हैं। निरीक्षण में स्विमिंग पूल का कार्य अधूरा है, जिसमें बरसात का पानी भरा था। इससे कोई भी हादसा हो सकता है। इसके अलावा अन्य खामियां पाई गईं। प्रधानाचार्य आकाश चौधरी ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के बाद नोटिस प्राप्त हुआ है, जिसका जवाब दिया जाएगा। खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि शिकायत सही पाई गई है। काफी कमियां भी पाई गई हैं।