शराब कांड प्रकरण में डीएम की ओर से मजिस्ट्रेटी जांच के लिए नामित किए गए एडीएम प्रशासन देवी प्रसाद पाल ने जिला आबकारी अधिकारी (डीईओ), खैर एसडीएम अंजनी कुमार, कोल एसडीएम रंजीत सिंह, सीओ खैर शिवप्रताप सिंह, सीओ गभाना कर्मवीर सिंह और सीओ सिविल लाइंस विशाल चौधरी, इंस्पेक्टर खैर प्रवेश कुमार, लोधा इंस्पेक्टर अभय शर्मा, और जवां इंस्पेक्टर चंचल सिरोही को नोटिस जारी किया है। एडीएम प्रशासन ने इनसे बयान, साक्ष्य सहित घटना के संबंध में आख्या मांगी है। इसके साथ ही अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट। एफआईआर की रिपोर्ट मांगी है। वहीं, आम जनमानस व पीड़ित आज व कल बयान-साक्ष्य देने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम प्रशासन के कार्यालय में आ सकते हैं।
एडीएम प्रशासन देवी प्रसाद पाल ने बताया कि मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कर दी गई है। इसके तहत एसडीएम कोल व एसडीएम खैर, जिला आबकारी अधिकारी से उनके बयान सहित आख्या मांगी गई है। इसके अलावा पुलिस के सीओ व इंस्पेक्टरों से घटना के बाद की गई कानूनी कार्रवाई, एफआईआर रिपोर्ट की मांग की गई है। तत्काल इसके संबंध में लिखित रिपोर्ट मांगी गई है।