एएमयू में चल रहे नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में मेजबान एएमयू का जीत का सिलसिला जारी है। अमन के 39 गेंद पर 64 रन की शानदार पारी की बदौलत एएमयू ने गुजराल यूनिवर्सिटी, कपूरथला को 102 रनों से पराजित किया। अमन को मैन ऑफ दी मैच के खिताब से नवाजा गया।
एएमयू क्रिकेट मैदान पर आयोजित मैच में एएमयू ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 177 रन बनाए। अमन के 64 रन के अतिरिक्त हन्नान रिजवान ने 21 गेंद पर 34 रन बनाए। गुजराल यूनिवर्सिटी की टीम 20 ओवर में 75 रन पर सिमट गई। एथलेटिक्स ग्राउंड पर आयोजित मैच में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी, झांसी ने श्री वार्ष्णेय देवी यूनिवर्सिटी, कटरा को पराजित किया।
पहले खेलते हुए श्री वैष्णव देवी यूनिवर्सिटी की टीम 19 ओवर में 84 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी ने 11 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 85 रन बनाकर मैच जीत लिया। अभिमन्यु श्रीवास्तव ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। एसीएन क्रिकेट मैदान पर आईआईएमटी मेरठ की टीम ने संत बाबा भगत सिंह यूनिवर्सिटी, जालंधर को पराजित किया। संत बाबा भगत सिंह यूनिवर्सिटी ने 17.4 ओवर में 115 रन बनाकर आउट हो गई। आईआईएमटी मेरठ ने 19.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाकर मैच को जीत लिया।
अंश ने 31 एवं दीपक ने 28 रन बनाए। सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैदान पर आयोजित मैच में इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी, मीरपुर ने चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी, भिवानी को पराजित किया। चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी ने 18 ओवर में 84 रन पर ऑल आउट हो गई। इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी ने 3 विकेट के नुकसान पर 13 ओवर में 85 रन बनाकर मैच जीत लिया। विशाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 66 रन बनाए। सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैदान पर बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी, लखनऊ ने नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, नोएडा को पराजित किया। बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 179 रन बनाए। आशुतोष ने शानदार 59 रन की पारी खेली।
नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी 20 ओवर में 7 विकेट पर 99 रन ही बना सकी। डीपीएस क्रिकेट मैदान पर आयोजित मैच में एमजेपी यूनिवर्सिटी रुहेलखंड, बरेली ने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय को पराजित कर अगले राउंड में पहुंच गई है।
ये हैं विजेता
एएमयू
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी, झांसी
आईआईएमटी मेरठ
इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी, मीरपुर
बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी, लखनऊ
एमजेपी यूनिवर्सिटी रुहेलखंड, बरेली