फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एएमयू दीक्षांत समारोह में नोबेल पुरस्कार विजेता प्रो. कजीता को मानद उपाधि

Wed, 02 Nov 2016 01:53 AM IST
अमर उजाला,अलीगढ़
विज्ञापन
AMU convocation - फोटो : amar Ujala
विज्ञापन
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 64वें दीक्षांत समारोह में नोबेल पुरस्कार विजेता एवं जापान के प्रमुख वैज्ञानिक प्रो. तकाकी कजीता को डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद् उपाधि से सम्मानित किया गया। प्रो. कजीता को यह उपाधि न्यूक्लियर फिजिक्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दी गई।
विज्ञापन


इस मौके पर प्रो. तकाकी कजीता ने धन्यवाद देते हुए कहा कि वह एएमयू के प्रति कृतज्ञ हैं तथा यहां के मूलभूत ढांचे एवं आदर सत्कार से बहुत प्रभावित हुए हैैैं। उन्होंने बताया कि 2008 में एएमयू के भौतिकी विभाग के प्रो. सज्जाद अथर के साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ था, जब प्रो. अथर टोकियो विश्वविद्यालय में कौसमिक रे रिसर्च इंस्टीट्यूट में अध्ययन के संबंध में आए थे। वह तब से ही एएमयू के साथ सहयोग पर कार्य कर रहे हैं और उन्हें आशा है कि आने वाले दिनों में इस द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ावा मिलेगा।

प्रो. कजीता ने एएमयू शिक्षकों एवं शोधार्थियों से आह्वान किया कि वह मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पोस्ट डाक्टोरल रिसर्च में अपना स्थान बनाएं। उन्होंने कहा कि जापान का न्यूट्रीनो समुदाय व्यापक रूप से भारत तथा विशेष रूप से एएमयू के साथ सहयोग के अवसर को विकसित करने का इच्छुक है।
विज्ञापन


मंगलवार को गुलिस्तान-ए-सैयद में चांसलर सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के भाई शहजादा (प्रिंस) डॉ. कायद जोहर इज्जुद्दीन की अध्यक्षता में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभाशाली 114 छात्र-छात्राओं को मेडल सहित पांच हजार अंडर ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, एमफिल तथा पीएचडी छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई।

बीयूएमएस की हिना मुख्तार ने सर्वाधिक 5 मेडल प्राप्त किए। बीएएलएलबी की समीरा खान को 4 गोल्ड मेडल के साथ हाल ही में स्थापित जस्टिस गुलाम मुस्तफा वाहनवति अवार्ड के रूप में 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। समीरा खान इटावा के जिलाधिकारी शमीम अहमद की पुत्री हैं। डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पीजी डिप्लोमा इन हाइड्रोलोजी की छात्रा लता उदसिया को प्रदान किया गया।

यहां शहजादा डॉ. कायद जोहर इज्जुद्दीन ने कहा कि छात्रों का जीवन एक यात्रा के समान है। आज शिक्षा पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राएं जीवन के दूसरे फेज में कदम रख रहे हैं। उम्मीद का साथ कभी नहीं छोड़ें और ईमानदारी तथा एकता के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि एएमयू का गौरवशाली इतिहास है।

सर सैयद अहमद खां ने स्कूल की स्थापना की तो संकुचित मानसिकता के मुसलमानों ने विरोध किया था। उन्होंने मुसलमानों में पश्चिमी शिक्षा पद्धति को विकसित करने के क्षेत्र में जो कारनामे कर दिखाए वह हमारे देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाने योग्य हैं। एएमयू कुलपति ले. जनरल जमीरउद्दीन शाह (सेवानिवृत्त) ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और चांसलर डॉ. मुफद्दुल सैफुद्दीन का संदेश पढ़कर सुनाया।

सह कुलपति बिग्रेडियर एस अहमद अली (सेवानिवृत्त) ने प्रो. तकाजी कजीता का साइटेशन प्रस्तुत किया। परीक्षा कंट्रोलर प्रो. यूसुफउज्जमा खान ने डिग्रियां तथा पदक प्राप्त करने वालों के नामों की घोषणा की। संचालन रजिस्ट्रार प्रो. जावेद अख्तर, प्रो. एफएस शीरानी तथा डॉ. फायजा अब्बासी ने किया। इससे पूर्व कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों को एएमयू की पारंपरिक शाही बग्घी से सम्मान सहित कार्यक्रम स्थल तक लाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें