लोकसभा चुनाव 2024 से पहले विजयगढ़ में लोगों ने सोशल मीडिया पर अभियान छेड़ दिया है। रोड नहीं तो वोट नहीं नामक अभियान से क्षेत्र के हजारों लोग जुड़ चुके हैं। इनका कहना है कि अगर चुनाव से पहले क्षेत्र की सड़कों का निर्माण नहीं होता है तो 2024 में सामूहिक रूप से मतदान का बहिष्कार किया जाएगा।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अकराबाद-सासनी मार्ग की स्थिति काफी जर्जर है। विजयगढ़ से अकराबाद तक 12 किमी की दूरी तय करने में दो घंटे का समय लगता है। विजयगढ़ से सासनी का मार्ग 16 किमी है। इसे भी तय करने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लगता है। गड्ढों की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो अधिकारी ध्यान देते हैं और न ही कोई नेता। यदि कोई क्षेत्र में बीमार हो जाए तो अलीगढ़ ले जाने में सड़क पर ही दम तोड़ दे। सड़क पर एक फुट से बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं।अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि जब चुनाव हो तो सांसद विधायक के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी वोट मांगने न आए। अगर आए तो उन्हें शर्मिंदा होना पड़ेगा।
कुछ दिन पूर्व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि अकराबाद-सासनी मार्ग का चौड़ीकरण हो रहा है। इसका टेंडर पास होने गया है कुछ ही दिनों में पास हो जाएगा। अब बताया गया है कि बारिश के बाद इस सड़क की सिर्फ मरम्मत होनी है। इससे लोगों में काफी आक्रोश है।
सोशल मीडिया पर मंडल अध्यक्ष प्रभात वार्ष्णेय और आरएसएस कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि सांसद को एक दिन बुलाकर सभा की जाए और साफ शब्दों में कह दिया जाएगा सड़क बनी तो 2024 में वोट डाला जाएगा अन्यथा नहीं। नीरज गोयल पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष का कहना है कि सांसद ने 10 जुलाई को विजयगढ़ आकर लोगों की समस्याएं सुनने का वादा किया है।