विद्युत उपभोक्ताओं को समय पर सही बिल मिले यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाना है। यदि किसी भी उपभोक्ता की तीन महीने से ज्यादा की स्टोर रीडिंग हुई तो उसके बिल की वसूली एजेंसी से कराएं। विद्युत विभाग उपभोक्ता के हितों के संरक्षण के लिए है। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं है। ये बातें ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने उपभोक्ता सेवाओं की समीक्षा के दौरान कही।
ऊर्जा मंत्री ने बिलिंग एजेंसियों से हुए करार के तहत आवश्यक कार्यों को कराए जाने में निष्क्रियता पर प्रबंधन से अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जनवरी 2019 व ग्रामीण क्षेत्रों में जुलाई 2019 तक 97 प्रतिशत डाउनलोडेबल बिलिंग की जानी थी। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर, उनके मीटर नंबर और मीटर की जीपीएस लोकेशन भी बिलिंग एजेंसी के माध्यम से एकत्र किए जाने थे।
इसके बाद भी इसका अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया गया। उन्होंने इस संबंध में यूपीपीसीएल को आख्या भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि यदि उनके यहां मीटर रीडर रीडिंग लेने नहीं आ रहा है, मीटर से संबंधित या बिजली से जुड़ी समस्याओं की शिकायत 1912 पर जरूर करें। उन्होंने निर्देशित किया कि विद्युत कनेशन के लिए झटपट पोर्टल व निवेश मित्र पोर्टल पर आए आवेदनों का निस्तारण मानकों के हिसाब से हर हाल में पूरा किया जाए।