राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय में कोरोना काल से ओएमआर शीट पर ही परीक्षा हो रही थी। नवंबर में परीक्षा लिखित में होगी। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। एक-दो महीने में विश्वविद्यालय परिसर से कामकाज शुरू हो जाएगा।
अलीगढ़ के राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) के नए सत्र 2024-25 में विद्यार्थी लिखित इम्तिहान देंगे। अब ऑप्टिकल मार्क रिकॉगनेशन (ओएमआर शीट) पर परीक्षा नहीं होगी। कोरोना काल से अब तक ओएमआर शीट पर ही परीक्षा हो रही थी। आरएमपीएसयू के कुलपति प्रो. चंद्रशेखर ने बताया कि नवंबर में सत्र-2024-25 की परीक्षा लिखित में होगी। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। एक-दो महीने में विश्वविद्यालय परिसर से कामकाज शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय से संबद्ध अलीगढ़, एटा, कासगंज और हाथरस में करीब 364 महाविद्यालय हैं। कोरोना संक्रमण वर्ष 2019 के आखिर के शुरू हुआ था। वर्ष 2019-2020 में छात्रों को बिना परीक्षा के ही प्रमोट कर दिया गया था, परीक्षा नहीं हुई थी। वर्ष 2020-2021 से ओएमआर शीट पर परीक्षा हो रही है। वर्ष 2022-23 और 2023-24 में भी ओएमआर शीट से परीक्षा हुई।
हालांकि शिक्षाविद उच्च शिक्षा में ओएमआर शीट पर परीक्षा कराने के पक्षधर नहीं थे। इसे खत्म करने के लिए अनुरोध भी किया था। इस पर विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से उस वक्त यह भी तर्क दिया कि उनके पास संसाधन नहीं हैं, क्योंकि विश्वविद्यालय का भवन निर्माणाधीन है। अब विवि ने स्पष्ट किया है कि ओएमआर शीट से परीक्षा का सिलसिला अब खत्म होने जा रहा है।
विज्ञापन
बीए का परीक्षा परिणाम नहीं हुआ घोषित, प्रवेश अधर में
आरएमपीएसयू ने संबद्ध महाविद्यालयों में बीए के छठवें सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम नहीं घोषित हो सका है। इससे विद्यार्थियों का अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश अधर में लटक सकता है। एएमयू में 10 जुलाई तक परास्नातक में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होनी है, लेकिन अभी तक आरएमपीएसयू ने परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया है। इस संबंध में कुलपति का कहना है कि जल्द परीक्षा परिणाम घोषित हो जाएगा।