ससलेंस रिसर्च इंटरनेशनल की वेबसाइट पर दिए गए पते पर यह घर मिला
- फोटो : अमर उजाला
पीएम मोदी को फिलिप कोटलर अवार्ड देने वाले वर्ल्ड मार्केटिंग समिट ग्रुप की सहयोगी संस्था ससलेंस रिसर्च इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा ट्वीट किए जाने के बाद जब संस्था ससलेंस के अलीगढ़ के दोदपुर स्थित पते की खोज शुरू हुई तो उस पते पर ऐसी किसी संस्था का नामो-निशां नहीं मिला।
इस फिलिप कोटलर अवार्ड में सहयोगी रही ससलेंस रिसर्च इंटरनेशनल की वेबसाइट पर उसका पता दोदपुर अलीगढ़ लिखा गया है। जब पीएम मोदी से जुड़ कर अवार्ड की बात सुर्खियों में आई तो दोदपुर के पते पर ससलेंस का दफ्तर तलाशा गया। दोदपुर की अहमद नगर गली के मकान नंबर 51 में कंपनी का कोई दफ्तर संचालित नहीं था। यहां मकान पर डॉ. अजरा खान का बोर्ड जरूर लगा है। पूछताछ में पता चला कि डॉ. अजरा किसी अन्य जनपद में तैनात हैं। मियां बीवी दोनों ही बाहर रहते हैं।
दरवाजा खटखटाने पर एक महिला और कुछ अन्य लोग बाहर आए। उनसे ससलेंस के बारे में पूछने पर उन्होंने सिरे से मना कर दिया कि वे उक्त कंपनी के बारे में कुछ नहीं जानते। महिला पुरुषों ने मिल कर मीडियाकर्मियों को चलता कर दिया। इसके बाद वेबसाइट के पते पर लिखे मोबाइल नंबर पर काल करते ही वो भी स्विच ऑफ हो गया। जब चर्चा एसएसपी तक पहुंची तो उन्होंने सीओ एलआईयू को जांच के वास्ते भेजा।
सीओ भी कोई नई बात नहीं बता सके। इतना जरूर तथ्य निकला कि कुछ लोग कुछ माह पहले मकान में किराये के वास्ते आए थे, मगर उन्हें मकान नहीं मिला तो लौट गए। वह कौन लोग थे, कोई नहीं जानता। एसएसपी आकाश कुलहरि ने कहा कि उनसे कोई जानकारी तो नहीं मांगी गई। मगर चर्चाओं को ध्यान में रखकर पता कराया गया था। यह भी संभव है कि उक्त कंपनी का ऑफिस का पता बदल गया हो।