टप्पल में हुए बवाल के बाद अभी टप्पल-नोएडा व बल्लभगढ़ को बसें का परिचालन नहीं किया गया है। इससे बस अड्डों पर यात्री परेशान होते रहे। मेरठ व आगरा की ओर सीमित संख्या में बसें संचालित की जा रही हैं। जिनमें पुलिस चेकिंग के बाद ही उन्हें रवाना किया जा रहा है।
बुद्धविहार डिपो के एआरएम वाईपी सिंह व सारसौल बस स्टैंड के स्टेशन प्रभारी मुकेश गुप्ता के अनुसार रविवार को सारसौल से मात्र तीन-चार बसें नोएडा व इतनी ही बल्लभगढ़ के लिए रवाना की गई थीं। इन बसों का संचालन भी प्रशासन से जानकारी मिलने के बाद दोपहर तीन बजे किया गया। बुद्धविहार से नोएडा व बल्लभगढ़ को कोई बस नहीं भेजी गई। ब्यूरो
छह कोचिंग संचालकों को नोटिस, तीन सील
अग्निपथ योजना के विरोध में कोचिंग संचालकों के नाम आने के बाद प्रशासन ने उनकी जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को ब्लाक स्तर पर हुए निरीक्षण में छह कोचिंग संचालकों को नोटिस जारी किए गए और तीन को सील कर दिया गया है।
डीआइओएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार रविवार को टीमों ने निरीक्षण किया है, जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है। दो टीमों की रिपोर्ट मिली है। जिसके आधार पर बिना पंजीकरण चल रहे जट्टारी के केडी कोचिंग सेंटर, गुरुकुल क्लासेज, निष्कासित भाजपा नेता सुधीर शर्मा के यंग इंडिया कोचिंग, खैर क्षेत्र में उन्नत कोचिंग सेंटर, सक्सेस मंत्रा कोचिंग सेंटर व ललित इंस्टीट्यूट को नोटिस जारी किया है। जिनमें कुछ को रिसीव कराया है और कुछ के दरवाजे पर चस्पा किया गया है। वहीं ग्लोबल डिफेंस अकादमी सहित तीन को सील करते हुए उनसे नोटिस देकर जवाब मांगा है। ब्यूरो