गांव लहरा सलेमपुर में मारपीट में घायल मुकेश कुमार की मौत के मामले में पुलिस तीन दिन बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मृतक के भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव निवासी दुर्वेश कुमार के अनुसार, 21 अक्तूबर को रावण दहन के दौरान शाम करीब सात बजे उसका भाई मुकेश घर पर अकेला था। आरोप है कि तभी गिरधरपुर निवासी राहुल, नीरेश, गणेश उर्फ छोटेलाल, केशव और सत्येंद्र घर में घुस आए। आरोपियों ने लाठी-डंडे, चाकू और लोहे के पंच से मुकेश पर हमला कर दिया। राहुल और गणेश ने लोहे के पंच से उसके सिर और चेहरे पर वार किए।
गंभीर रूप से घायल मुकेश को जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ में भर्ती कराया गया था। 26 अक्तूबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।