त्योहार में खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के स्तर पर नमूने भरने का अभियान जारी है। सहायक आयुक्त खाद्य राम नरेश एवं सर्वेश मिश्रा के संयुक्त निर्देशन में थाना गांधीपार्क के द्वारकापुरी, आगरा रोड पर स्थित यश वार्ष्णेय के खाद्य प्रतिष्ठान मोतीलाल जी एडिबल ऑयल से खाद्य पदार्थ रिफाइंड पामोलिन ऑयल एवं रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के दो-दो नमूने लेकर यहां रखे 1714 लीटर खाद्य तेल को सीज कर दिया।
तहसील अतरौली में थाना छर्रा के कांति गुप्ता के खाद्य प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का एक नमूना लेकर पांच क्विंटल सरसों का तेल सीज किया गया। रामघाट रोड पीएससी के निकट उमंग हॉस्पिटल पर स्थित खाद्य कारोबारकर्ता अजय कुमार के प्रतिष्ठान अभय फास्ट फूड से खाद्य पदार्थ पनीर का एक नमूना लिया गया।
तहसील खैर में बाजना रोड गोमत पर स्थित खाद्य कारोबारकर्ता टीकाराम के प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ खोया का एक नमूना, तहसील गभाना के नगला पदम पर स्थित प्रतिष्ठान गुप्ता मिष्ठान भंडार से बेसन के लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया गया। तहसील इगलास में अलीगढ़ रोड, इगलास पर स्थित खाद्य कारोबारकर्ता देवीराम के खाद्य प्रतिष्ठान से बूंदी के लड्डू का एक नमूना लिया गया। संवाद