अलीगढ़ पलवल राजमार्ग स्थित भरतपुर भजेड़ा के निकट गांव खेड़िया बुजुर्ग के रास्ते पर स्थित जंगल में गोवंश के शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में अफरातफरी मच गई। एसडीएम दिग्विजय सिंह, थाना प्रभारी पंकज मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। हिंदूवादी संगठन के युवा भी मौके पर पहुंच गए।
नौ गोवंश के शव को एक साथ देख हिंदूवादी संगठनों ने आक्रोशित होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। थाना प्रभारी ने गोवंश के कानों में लगे टैग के जरिये पहचान कर संबंधित गोशालाओं के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर उनको शांत कराया। राजस्व एवं पशु पालन विभाग की टीम ने गोवंश के मृत पाए जाने के कारणों की जांच की। शव लगभग 3 से 5 दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं।
ईयर टैग की पोर्टल से जांच कराने पर पाया गया कि मृत गोवंश किसी भी गोशाला से संबंधित नहीं है। ग्रामीणों से पूछताछ में पाया गया कि मृत गोवंश के स्थान से कुछ मीटर दूरी पर ही मृत पशुओं को डालने का स्थान है। एसडीएम की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदवाकर मृत गोवंश के शवों को दफनाया गया। संवाद