बिना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी के संचालित नौ ईंट भट्टों को बुधवार को बंद करा दिया गया। इगलास व कोल तहसील में यह कार्रवाई की गई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व प्रशासन की टीम ने चेतावनी दी कि दोबारा इन भट्ठों का संचालन बिना एनओसी के पाया गया तो संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी रामगोपाल के मुताबिक इगलास में श्री राम ईंट उद्योग, मेहतापुर, दोहरिया ईंट उद्योग, दोहरिया, राधे ईंट उद्योग, नया बांस, बेसवां, दुर्गा ईंट उद्योग, गढ़ी धन्नू, बेसवां, चिराग ईंट उद्योग, दोहरिया, को बंद कराया गया। इनको बंद कराने वाली टीम में एसडीएम इगलास कुलदेव सिंह, अंवर अभियंता उपेंद्र प्रसाद, नायब तहसीलदार व अन्य मौजूद रहे।
वहीं, कोल तहसील में राधा कृष्ण ईंट उद्योग, सिकरना, बीके लोधी ईंट उद्योग, सुल्तानपुर, एके ईंट उद्योग, बहरामपुर, जय मां वैष्णों देवी ईंट उद्योग, इस्लामपुर को बंद कराया गया। टीम में एसडीएम कोल रंजीत सिंह, सहायक पर्यावरण अभियंता बीडी शर्मा, नायब तहसीलदार अंजली सिंह मौजूद रहीं।